बिहार में TRE-4 के तहत शिक्षकों की बंपर बहाली : प्लस-टू स्कूलों को सबसे ज्यादा 16,100 शिक्षक मिलेंगे
पटना: बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी तेज हो गई है. शिक्षक भर्ती परीक्षाTRE-4 के तहत कुल 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. शिक्षा विभाग ने इसके लिए रिक्तियों का प्रस्ताव बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC)को भेज दिया है. इस भर्ती में सबसे अधिक 16,100 पद प्लस-टू विद्यालयों के लिए निर्धारित किए गए हैं,जबकि सबसे कम 3,847 पद प्राथमिक विद्यालयों के लिए हैं.
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि पहली बार राज्य के सभी जिलों में शिक्षकों की वास्तविक जरूरत का आकलन कराया गया है. इसी आधार पर विषयवार और जिलावार रिक्तियां तय करBPSCको अधियाचना भेजी गई है. विभाग के अनुसार प्लस-टू विद्यालयों में,खासकर विज्ञान संकाय के शिक्षकों की सबसे अधिक कमी पाई गई है. इसी वजह से इस स्तर पर सबसे ज्यादा नियुक्तियां की जाएगी.
TRE-4 के तहत मध्य विद्यालयों में 8,563 और माध्यमिक विद्यालयों में 3,877 शिक्षकों की नियुक्ति होगी. वहीं,प्राथमिक विद्यालयों के लिए 3,847 पद स्वीकृत किए गए हैं.
जिलावार आकलन में यह भी सामने आया कि पूर्णिया,जमुई और अररिया में स्वीकृत पदों की तुलना में शिक्षकों की सबसे अधिक कमी है. इन जिलों में एक-एक हजार से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति होने की संभावना है,जिससे वहां शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
शिक्षा विभाग का कहना है कि नई नियुक्तियों से पहले जरूरत पड़ने पर अनुसूचित जाति,जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के विद्यालयों में प्रतिनियुक्ति के आधार पर भी शिक्षक उपलब्ध कराए जाएंगे. नई बहाली पूरी होने के बाद विभिन्न विभागों के स्कूलों में भी पर्याप्त संख्या में शिक्षक उपलब्ध कराए जा सकेंगे.TRE-4 भर्ती से राज्य के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होने और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलने की उम्मीद है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





