Hindi News / पुलिस वाहनों में डैश कैमरे और जवानों को बॉडी कैमरे, महिलाओं के लिए...

बिहार में हाईटेक होगा डायल-112 : पुलिस वाहनों में डैश कैमरे और जवानों को बॉडी कैमरे, महिलाओं के लिए सेफ्टी ऐप

Edited By:  |
bihar mai hightech hoga dial-112 bihar mai hightech hoga dial-112

पटना: बिहार में आपातकालीन पुलिस सेवा डायल-112 को अत्याधुनिक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. पुलिस मुख्यालय ने ऐसी योजना तैयार की है,जिसके तहत डायल-112 की गाड़ियों और पुलिसकर्मियों की गतिविधियों की मुख्यालय स्तर से लाइव निगरानी की जा सकेगी. इसके लिए डायल-112 वाहनों में डैश कैमरे और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की वर्दी पर बॉडी-वॉर्न कैमरे लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. यह प्रस्ताव मंजूरी के लिए डीजीपी विनय कुमार को भेजा गया है.

योजना लागू होने के बाद पुलिस मुख्यालय को यह जानकारी रियल टाइम में मिल सकेगी कि डायल-112 की कौन-सी गाड़ी किस स्थान पर है और मौके पर तैनात पुलिसकर्मी किस तरह कार्रवाई कर रहे हैं. डैश कैमरों के माध्यम से वाहन की पूरी आवाजाही और घटनास्थल की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रहेगी,जबकि बॉडी कैमरे पुलिस कार्रवाई को पारदर्शी और जवाबदेह बनाएंगे.

पुलिस विभाग डायल-112 के लिए नए आधुनिक वाहनों की खरीद की भी तैयारी कर रहा है. इन वाहनों में पहले से ही डैश कैमरे और अन्य तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी,जिससे आपातकालीन सेवा की गुणवत्ता और प्रतिक्रिया समय में सुधार हो सके.

महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए एक विशेष सेफ्टी मोबाइल ऐप लाने की भी योजना है. इस ऐप के जरिए संकट की स्थिति में महिलाएं तुरंत पुलिस से संपर्क कर सकेंगी और उनकी लोकेशन के आधार पर सबसे नजदीकी डायल-112 टीम मौके पर पहुंचेगी.

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नई तकनीकों के इस्तेमाल से डायल-112 सेवा अधिक प्रभावी,पारदर्शी और भरोसेमंद बनेगी. साथ ही अपराध नियंत्रण,त्वरित कार्रवाई और आम लोगों,विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-