Hindi News / बिहार में हड़ताल पर गए अंचल अधिकारियों पर बड़ा एक्शन, सरकार ने 3...

BIG NEWS : बिहार में हड़ताल पर गए अंचल अधिकारियों पर बड़ा एक्शन, सरकार ने 3 CO को किया सस्पेंड

Edited By:  |
big news big news

पटना:बिहार में हड़ताल पर गए अंचल अधिकारियों के खिलाफ सरकार ने अब तक का सबसे सख्त कदम उठाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है. राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने तीन अंचल अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इस कार्रवाई में दो महिला अधिकारी भी शामिल हैं,जिससे यह स्पष्ट संदेश गया है कि सरकार अब अनुशासनहीनता और लापरवाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी.

निलंबित किए गए अधिकारियों में बक्सर सदर के अंचल अधिकारी राहुल कुमार,भागलपुर के शाहकुंड की अंचल अधिकारी डॉ. हर्षा कोमल और सीतामढ़ी के डुमरा की अंचल अधिकारी डौली कुमारी शामिल हैं. विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार इन अधिकारियों पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं,जिनमें सरकारी कार्यक्रमों की अनदेखी,राजस्व संग्रहण में लापरवाही और प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना शामिल है.

सरकार का कहना है कि इन अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी‘समृद्धि यात्रा’में बाधा उत्पन्न की और विभागीय मंत्री के कार्यक्रमों में भी हिस्सा नहीं लिया. इसके अलावा राजस्व वसूली के तय लक्ष्य को पूरा नहीं करने के कारण राज्य के वित्तीय प्रबंधन पर भी नकारात्मक असर पड़ा है.

इतना ही नहीं,इन अधिकारियों पर उच्च न्यायालय के अतिक्रमण हटाने के आदेशों का पालन नहीं करने का भी आरोप है,जिसे सरकार ने बेहद गंभीरता से लिया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि निलंबन अवधि के दौरान इन अधिकारियों का मुख्यालय पूर्णिया कमिश्नरी निर्धारित किया गया है और इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी चलाई जाएगी.

इस पूरे मामले में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि हड़ताल या सरकारी कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी. उन्होंने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में और भी अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है.

सरकार के इस कड़े रुख से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. यह कार्रवाई न सिर्फ हड़ताली अधिकारियों के लिए चेतावनी है,बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र के लिए एक स्पष्ट संदेश भी है कि अब जवाबदेही तय होगी और नियमों का पालन अनिवार्य होगा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-