Hindi News / RIMS में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, निदेशक डॉ. राजकुमार हटाए गए, डॉ. दीपेंद्र...

BIG BREAKING : RIMS में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, निदेशक डॉ. राजकुमार हटाए गए, डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा को मिला अतिरिक्त प्रभार

Edited By:  |
big breaking big breaking

रांची:झारखंड सरकार के स्वास्थ्य,चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने रिम्स में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए निदेशक-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. राजकुमार को उनके पद से हटा दिया है. विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार डॉ. राजकुमार द्वारा समर्पित त्याग-पत्र को स्वीकार कर लिया गया है और यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि डॉ. राजकुमार के त्याग-पत्र पर विभागीय मंत्री-सह-अध्यक्ष,शासी परिषद की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है. इसके साथ ही रिम्स के प्रशासनिक नेतृत्व में बदलाव का रास्ता साफ हो गया है.

डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा को सौंपी गई जिम्मेदारी

स्वास्थ्य विभाग ने अलग अधिसूचना जारी कर रिम्स के सर्जरी विभाग के प्राध्यापक डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा को कार्यकारी व्यवस्था के तहत रिम्स निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है. उन्हें तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक निदेशक,रिम्स के पद का दायित्व निभाने का निर्देश दिया गया है.

विभाग की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी. दोनों अधिसूचनाओं पर सरकार के अपर सचिव शशि प्रकाश सिंह के हस्ताक्षर हैं.

रिम्स में हुए इस प्रशासनिक बदलाव को स्वास्थ्य व्यवस्था और संस्थान के संचालन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अब डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा के नेतृत्व में रिम्स के प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों का संचालन होगा.

रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट--