Hindi News / पटना में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, वाटर कैनन चला, कई नेता हिरासत में

BIG BREAKING : पटना में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, वाटर कैनन चला, कई नेता हिरासत में

Edited By:  |
big breaking big breaking

पटना: राजधानी पटना में मंगलवार को भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, धांधली और रोजगार की मांग को लेकर छात्रों का बड़ा प्रदर्शन हुआ. भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के नेतृत्व में हजारों छात्र मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने निकले. प्रदर्शन में युवा कांग्रेस, एआईएसएफ, छात्र राजद, एसएफआई, डीवाईएफआई समेत कई छात्र और सामाजिक संगठनों ने भी भाग लिया.

जेपी गोलंबर और आयकर चौराहे पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया. इस दौरान कई छात्र बैरिकेड पर चढ़ गए और आगे बढ़ने की कोशिश की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. पानी की तेज बौछारों के बावजूद कई छात्र सड़क पर डटे रहे और विरोध जारी रखा. बाद में पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर मौके से हटाया.

प्रदर्शन में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम भी छात्रों के समर्थन में पहुंचे. राजेश राम बैरिकेडिंग पर चढ़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए. वहीं पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है.

प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि वे केवल निष्पक्ष भर्ती, पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई, रोजगार और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं. छात्रों ने शांतिपूर्ण आंदोलन पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और पुलिस कार्रवाई रोकने की भी मांग की. एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा. प्रदर्शन के दौरान आयकर चौराहा और आसपास का इलाका देर तक तनावपूर्ण बना रहा तथा भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-