BIG BREAKING : जमुई में संगठित साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार, कई उपकरण बरामद
पटना:बड़ी खबर बिहार के जमुई जिले से है जहां साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई,बिहार ने साइबर थाना जमुई और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए झाझा थाना क्षेत्र के बुढीखार गांव में छापेमारी कर रंजन कुमार उर्फ सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरोह लोगों को लालच देकर उनके नाम पर म्यूल बैंक खाते खुलवाता था या पहले से खुले खातों को किराये पर लेकर साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने और निकालने में इस्तेमाल करता था. आरोपी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि गिरोहQRकोड, APKफाइल,फर्जी सिम और विभिन्न बैंक खातों का उपयोग कर ऑनलाइन लोन,लॉटरी और अन्य साइबर धोखाधड़ी को अंजाम देता था. ठगी से अर्जित रकम को अलग-अलग खातों और ऑनलाइन खरीदारी के जरिए खपाने की कोशिश की जाती थी.
छापेमारी में तीन मोबाइल फोन,एकHPलैपटॉप,तीन वाई-फाई डिवाइस,एयरटेल पेमेंट्स बैंक का बायोमेट्रिक डिवाइस,नौ बैंक पासबुक,चार चेकबुक,दो एटीएम कार्ड,तीनQRकोड,नेटवर्किंग उपकरण और फर्जी उद्यम पंजीकरण से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए.
जांच में आरोपी के मोबाइल नंबर के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP)पर 75 से अधिक शिकायतें मिली है. वहीं बरामद बैंक खातों से जुड़ी 47 शिकायतें भी सामने आई है. इस तरह अब तक कुल 122 से अधिक साइबर अपराध शिकायतों का खुलासा हुआ है. पुलिस डिजिटल और वित्तीय जांच के साथ अन्य आरोपियों एवं पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अपना बैंक खाता,एटीएम,सिम याQRकोड किसी अज्ञात व्यक्ति को उपलब्ध न कराएं और साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





