Hindi News / रिशु श्री पर SVU का शिकंजा कसने की तैयारी, रिमांड में खुल सकते...

BIG BREAKING : रिशु श्री पर SVU का शिकंजा कसने की तैयारी, रिमांड में खुल सकते हैं टेंडर घोटाले के बड़े राज

Edited By:  |
big breaking big breaking

पटना: बिहार के बहुचर्चित टेंडर फिक्सिंग मामले में अब जांच और तेज होने जा रही है. विशेष निगरानी इकाई (SVU)मुख्य आरोपी ठेकेदार रिशु श्री को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी में जुट गई है. गुरुवार को एसवीयू कोर्ट में रिमांड की अर्जी दाखिल कर सकती है. माना जा रहा है कि रिशु श्री से पूछताछ के दौरान टेंडर घोटाले से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं.

जांच एजेंसी ने रिशु श्री से पूछे जाने वाले सवालों की विस्तृत सूची तैयार कर ली है. रिमांड के दौरान टेंडर आवंटन,कथित कमीशनखोरी,अधिकारियों से संबंध और सरकारी विभागों में प्रभाव के संबंध में पूछताछ की जाएगी. एसवीयू सूत्रों के अनुसार,इस मामले में आईएएस अधिकारी संजीव हंस,योगेश कुमार सागर,अभिलाषा कुमारी शर्मा और मुमुक्षु कुमार चौधरी की भूमिका से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी.

जांच में यह आरोप सामने आया है कि सरकारी ठेकों को प्रभावित करने के लिए रिश्वत और कमीशन का खेल चलता था. एसवीयू पहले ही इस मामले में कई अधिकारियों और इंजीनियरों को गिरफ्तार कर चुकी है. एजेंसी का दावा है कि पूछताछ के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट हो सकती है.

बताया जा रहा है कि रिशु श्री के बाद अन्य आरोपियों को भी रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा सकती है. इस हाई-प्रोफाइल मामले पर पूरे बिहार की नजर टिकी हुई है, क्योंकि जांच की आंच प्रशासनिक महकमे के कई बड़े नामों तक पहुंच चुकी है. आने वाले दिनों में एसवीयू की कार्रवाई से कई और चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--