आकाशीय बिजली का कहर : खगड़िया में वज्रपात की चपेट में आने से पिता-पुत्र समेत 5 लोगों की मौत
खगड़िया: बड़ी खबर बिहार केखगड़िया से है जहां जिले के दो अलग अलग थाना क्षेत्रों में गुरुवार सुबह बारिश के दौरान बज्रपात की चपेट में आने से पिता, पुत्र समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई. वहीं 3 लोग झुलस गये. घटना के बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.
बताया जा रहा है कि यह घटना खेतों में मकई फसल की कटाई और ट्रैक्टर से ढुलाई के दौरान हुई है. पहली घटना जिले के पोरा सहायक थाना इलाके के कन्हौली में हुई जहां कुछ लोग खेतों में सुबह में मकई फसल की कटाई करा रहा था. इसी दौरान तेज बारिश होने लगी. बारिश से बचने के लिए चार लोग पास के एक वृक्ष के पास आ गए. इसी दौरान चारों वज्रपात की चपेट में आ गए. इसमें 25 साल के आशुतोष यादव और उनके 7 साल के एक बेटे और विद्यानंद यादव की मौके पर मौत हो गई. जबकि दीपक यादव घायल है.
वहीं दूसरी घटना जिले के बेलदौर थाना इलाके के नारदपुर में हुई. वहां खेत में मक्का फसल को ट्रैक्टर पर लोड करने के दौरान मणिलाल महतो की वज्रपात की चपेट में आने से उसकी मौके पर मौत हो गई. तीसरी घटना भी बेलदौर थाना इलाके के लवघड़ियां गांव में हुई जहां वज्रपात की चपेट में एक परिवार के तीन लोग आ गए. इसमें 35 साल के जवाहर शर्मा की मौके पर मौत हो गई जबकि मृतक की पत्नी समेत दो महिला झुलसकर घायल हो गई. इधर घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के लोगों का रो रो कर बुरा हाल है.





