अयोध्या में जानकी कुटीर का उद्घाटन : वाल्मीकि जी, सीता माता व लव-कुश की मूर्तियों का अनावरण

Edited By:  |
ayodhya mai jaanki kutir ka udghatan ayodhya mai jaanki kutir ka udghatan

NEWS DESK : पावन नगरी अयोध्या में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की श्रृंखला के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर जानकी कुटीर का उद्घाटन किया गया, साथ ही महर्षि वाल्मीकि जी, माता सीता एवं लव-कुश की प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण संपन्न हुआ.

जानकी कुटीर नामक यह अतिथि गृह डॉ. डी राम के एक करोड़ रुपये के सहयोग से निर्मित किया गया है. इसका संचालन निखिल भारतीय तीर्थ विकास समिति के तत्वावधान में चल रहे अमावा मंदिर परिसर में किया जाएगा. जानकी कुटीर नामक अतिथि गृह को सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है. उल्लेखनीय है कि इसी परिसर में श्रद्धालुओं के लिए राम रसोई का भी सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है, जहां निरंतर सेवा कार्य जारी है. जहां प्रतिदिन करीब 10 हजार से अधिक भक्त निःशुल्क भोजन करते हैं. इस निःशुल्क भोजन व्यवस्था में सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात्रि का भोजन शामिल है.

कार्यक्रम में काफी संख्या में गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही. प्रमुख रूप से अनिता कुणाल,सायन कुणाल,डॉ. डी राम,पूर्व आईएएस दिनानाथ पांडेय,चंद्रकांत शुक्ला,डॉ. एसएस. झा,पंकज कुमार सहित अन्य विशिष्टजन एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

वक्ताओं ने जानकी कुटीर को श्रद्धालुओं के लिए सुविधा एवं सेवा का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए इसे अयोध्या के तीर्थ विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया. कार्यक्रम का समापन धार्मिक अनुष्ठानों एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ.