परमवीर पर राजनीति : बीजेपी का तीखा आरोप...परमवीर अल्बर्ट एक्का को दूसरे साल भी भूल गयी सरकार...


रांची- परमवीर चक्र विजेता लांस नायक अल्बर्ट एक्का का देश के लिए किया गया योगदान कभी भूलाया जा नहीं सकता। लेकिन ऐसे परमवीर भी अब राजनीति का मुद्दा बनते जा रहे हैं। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि जिस महापुरुष ने देश की रक्षा के लिए पाकिस्तान से युद्ध में अपना सर्वस्व कुर्बान करते हुए अपना बलिदान दिया। ऐसे महापुरुष को झारखंड की सरकार हर साल भूल जाती है और इस बार भी भूल गयी।
परमवीर अल्बर्ट एक्का को श्रद्धांजलि देने पहुंचे रांची के बीजेपी सांसद संजय सेठ ने बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ प्रतिमा स्थल की साफ सफाई की। उसके बाद लांस नायक अल्बर्ट एक्का को माला पहनाया। उन्हें नमन कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सांसद ने कहा कि परमवीर अल्बर्ट एक्वका ना सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। 1971 के युद्ध में इन्होंने जो बलिदान दिया उसके लिए यह देश सदैव इनका ऋणी रहेगा।
सांसद संजय सेठ ने कहा कि परमवीर चक्र विजेता लांस नायक अल्बर्ट एक्का ने भारत पाकिस्तान के युद्ध में हमारे देश की रक्षा के लिए जो किया, वह अविस्मरणीय है। अल्बर्ट एक्का हमारी कई कई पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्र के लिए बलिदान होने की प्रेरणा देने वाले प्रकाश पुंज है। हमारे राष्ट्र के युवा ऐसे लांस नायक के जीवन से राष्ट्रप्रेम की सीख लेते हैं। उन्हें याद करते हैं परंतु यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज उनकी जयंती पर झारखंड सरकार उन्हें भूल गई। उनके नाम पर रांची के हृदय स्थल पर अल्बर्ट एक्का चौक बनाया गया है, जहां उनकी आदमकद प्रतिमा भी लगी है। यह कितनी दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि देश के लिए इतना बड़ी बलिदान देने वाले परमवीर को झारखंड सरकार और उनके अफसर भूल गए। ना तो उक्त स्थल पर कोई सरकारी आयोजन हुआ ना तो सरकार की तरफ से कोई प्रतिनिधि ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उसी गंदगी में लोग उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।