3-3 पद्म पुरस्कारों से गौरवान्वित हुआ बिहार : नृत्य गुरु स्व. विश्वबंधु को तथा भोजपुरी के दिग्गज लोकगायक भरत सिंह भारती पद्म श्री से सम्मानित

Edited By:  |
3-3 padma puraskaron se gorvanwit huwa bihar 3-3 padma puraskaron se gorvanwit huwa bihar

पटना : भारत सरकार द्वारा वर्ष 2026 के लिए पद्म पुरस्कारों की घोषणा के साथ ही बिहार के लिए गर्व का विषय है कि राज्य को कुल तीन पद्म पुरस्कार हासिल हुए हैं. इनमें से कला के क्षेत्र में दो विशिष्ट कलाकारों को पद्म श्री सम्मान से अलंकृत किए जाने की घोषणा की गई है. कला के क्षेत्र में बिहार के वरिष्ठ लोक कलाकार एवं नृत्य गुरु स्व. विश्वबंधु को (मरणोपरांत) तथा भोजपुरी के दिग्गज लोकगायक भरत सिंह भारती को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है.

स्व. विश्वबंधु बिहार के एक अत्यंत प्रतिष्ठित लोक कलाकार और नृत्य गुरु थे. वह अपनी विशिष्ट लोकनृत्य शैली के लिए देशभर में प्रसिद्ध रहे हैं. उन्होंने अपने जीवनकाल में पांच हजार से अधिक शिष्यों को नृत्य की विधाओं में पारंगत किया और लोकनृत्य को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई. उन्हें मरणोपरांत पद्म श्री सम्मान से सम्मानित किया जाना उनकी अमूल्य कला-साधना और आजीवन योगदान का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है. वहीं भरत सिंह भारती,भोजपुरी लोकसंगीत के सशक्त स्तंभ माने जाते हैं. कला के क्षेत्र में उनके छह से सात दशकों के विशिष्ट योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2026 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया है. वर्ष 1962 से आकाशवाणी पटना से जुड़े भारती ने भोजपुरी लोक परंपरा को जीवंत बनाए रखा है. उन्होंने भिखारी ठाकुर और महेंद्र मिसिर की लोकशैली को अपने गायन के माध्यम से नई पहचान दी और उसे कई पीढ़ियों तक पहुंचाया है.

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्री अरुण शंकर प्रसाद तथा विभागीय सचिव प्रणव कुमार ने दोनों कलाकारों एवं उनके परिजनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. कला एवं संस्कृति मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा“पद्म श्री से सम्मानित ये दोनों कलाकार बिहार की लोककला और सांस्कृतिक विरासत के सच्चे प्रतिनिधि हैं. स्व. विश्वबंधु जी और भरत सिंह भारती जी का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा.”जबकि विभागीय सचिव प्रणव कुमार ने कहा“यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि बिहार की लोककला,संगीत और नृत्य राष्ट्रीय मंच पर अपनी सशक्त पहचान बना रहे हैं. ऐसे कलाकार राज्य की सांस्कृतिक आत्मा हैं.”

उल्लेखनीय है कि पद्म पुरस्कार भारत सरकार द्वारा दिए जाने वाले सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल है, जिन्हें पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्म श्री—तीन श्रेणियों में प्रदान किया जाता है. ये पुरस्कार कला, साहित्य, शिक्षा, समाज सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान के लिए प्रदान किए जाते हैं. कला एवं संस्कृति विभाग ने आशा व्यक्त की है कि बिहार को प्राप्त यह सम्मान राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को और सुदृढ़ करेगा तथा युवा कलाकारों को अपनी कला साधना के लिए नई प्रेरणा देगा.