विष्णुगढ़ घटना पर सियासत : BJP प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने उठाया सवाल,कहा-घटना के दिन सरकार के लोग कहां थे
रांची:हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में हुई दर्दनाक घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है. बीजेपी प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्षआदित्य साहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला. आदित्य साहू ने एक बार बच्ची की त्या के दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग दोहराया है. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने धरना और मशाल जुलुश एवं बंद के कार्यक्रम को वापस ले लिया है. प्रदेश अध्यक्ष ने साफ कहा कि आरोपी का बीजेपी से कोई संबंध नहीं है. पार्टी से जुड़ने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है.
दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि जैसे ही हजारीबाग के विष्णुगढ़ की घटना की जानकारी मिली, वे खुद मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने बताया कि बीजेपी शुरू से ही दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रही है, लेकिन पार्टी को बदनाम करने की बार-बार साजिश रची जा रही है.
राज्य सरकार पर आरोप
आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के दिन सरकार के लोग कहां थे? कांग्रेस, आरजेडी और जेएमएम के नेता क्यों गायब थे?
चितरपुर में नाबालिग के साथ हुई दुष्कर्म की घटना का जिक्र
उन्होंने रामगढ़ के चितरपुर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है. उन्होंने दावा किया कि 2019 से अब तक राज्य में 11 हजार से ज्यादा दुष्कर्म की घटनाएं सामने आई हैं.
सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन की चेतावनी
उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने दबाव नहीं बनाया होता, तो इस मामले का खुलासा भी नहीं होता. वहीं, बीजेपी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आगे भी ऐसी घटनाएं होती हैं, तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी.





