BIHAR NEWS : बाढ़ सुरक्षा पर बड़ा फैसला, 384 योजनाओं के लिए 1117 करोड़ मंजूर
पटना : बिहार राज्य बाढ़ नियंत्रण पर्षद की66वीं बैठक में बाढ़ वर्ष2026के पूर्व पूर्ण कराए जाने वाली कुल384अद्द बाढ़ सुरक्षात्मक योजनाओं के लिए कुल1117.27करोड़ रूपये खर्च करने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है. इसके साथ ही,बिहार राज्य बाढ़ नियंत्रण पर्षद द्वारा30करोड़ रूपये से अधिक लागत वाली कुल पांच योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई. इन पांच योजनाओं पर कुल340.17करोड़ रूपये खर्च किये जाएंगे. उक्त पांच योजनाओं में चार कटाव निरोधक प्रकृति के हैं एवं एक योजना एम्स,दरभंगा को जल-जमाव से सुरक्षा हेतु रिंग बांध के निर्माण से संबंधित है. बैठक की अध्यक्षता माननीय जल संसाधन मंत्री व बिहार राज्य बाढ़ नियंत्रण पर्षद के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने की.
बाढ़ सुरक्षा पर फोकस,बड़े बजट से मजबूत होगी व्यवस्था
बैठक को संबोधित करते हुए जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि राज्य के सभी तटबंधों की निगरानी सुनिश्चित की जाए. उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे खुद स्थल का निरीक्षण करें और इससे संबंधित रिपोर्ट विभाग को समर्पित करें. साथ ही निदेशित किया कि स्थानीय प्रशासन से समन्वय बना कर सभी संवेदनशील क्षेत्रों में जरूरी मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूरा कर लिया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं के कार्यान्वयन में उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या दिखाई दे तो तत्काल इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए. बाढ़ नियंत्रण पर्षद की इस बैठक में92.66करोड़ रूपये की लागत से एम्स,दरभंगा को जल जमाव से मुक्त करने के लिए रिंग बांध,ड्रेनेज चैनल और पंप हाउस के साथ सम्प के निर्माण की भी चर्चा की गई.
तटबंधों पर सख्ती,सरकार ने कसी कमर
बैठक में बिहार राज्य बाढ़ नियंत्रण पर्षद के सदस्य जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल सहित योजना एवं विकास विभाग, वित्त विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, गंगा बाढ़ नियंत्रण आयोग के प्रतिनिधी, पर्षद के अन्य सदस्य एवं जल संसाधन विभाग के वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे. बैठक की शुरुआत में पिछले वर्ष 5 मई को बिहार राज्य बाढ़ नियंत्रण पर्षद की 65वीं बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की स्थिति से पर्षद को अवगत कराया गया.





