कोडरमा:बढ़ती ठंड और शीतलहरी के प्रकोप को लेकर कोडरमा उपायुक्त मेघा भारद्वाज कल देर रात स्टेशन परिसर और इसके आसपास रहने वाले बुजुर्ग और लाचार लोगों के बीच कंबल का वितरण किया. मेघा भारद्वाज ने खुले आसमान के नीचे रहने वाले बुजुर्गों से रैन बसेरा में रहने की भी अपील की.


डीसी ने जरुरतमंदों के बीच किया कंबल वितरण, अलाव की भी करवाई व्यवस्था

उपायुक्त ने जिले के आला अधिकारियों के साथ कोडरमा स्टेशन परिसर का मुआयना किया और खुले आसमान में रात गुजारने वाले लोगों से मिल कर उन्हें सरकारी सुविधाओं की जानकारी दी. इस दौरान डीसी मेघा भारद्वाज ने करीब 50 से ज्यादा बुजुर्गों और महिलाओं के बीच कंबल का वितरण किया. इसके अलावा उपायुक्त ने झुमरी तिलैया शहर और कोडरमा शहर के चौक चौराहों पर जिला प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था भी करवाई ताकि लोगों को ठंड से राहत मिल सके. डीसी मेघा भारद्वाज ने बेवजह लोगों से ठंड में बाहर नहीं निकलने की अपील की. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देश पर जरूरतमंदों को ठंड से राहत प्रदान करने के लिए कंबल का वितरण किया जा रहा है और चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की जा रही है.