थाईलैंड में झारखंड की बेटी का कमाल : एयर गन राइफल शूटिंग में देवासी हेंब्रम ने जीता गोल्ड,स्पीकर ने किया सम्मानित
रांची:झारखंड के जामताड़ा जिले की बेटी देवासी हेंब्रम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य और देश का नाम रोशन किया है. थाईलैंड में आयोजित एयर गन राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए देवासी ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया है. देवशी की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरा झारखंड गौरवांवित है.
वहीं, देवासी हेंब्रम अपने माता-पिता के साथ आज झारखंड विधानसभा पहुंची. जहां विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने उन्हें सम्मानित किया. रविंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह देवशी हमारे विधानसभा क्षेत्र नाला की बेटी है. देवासी हेंब्रम ने थाईलैंड में एयर गन राइफल शूटिंग में गोल्ड मेडल जीत कर अपने गांव, क्षेत्र और राज्य के साथ-साथ पूरे देश का नाम रोशन किया है.
स्पीकर ने कहा कि ऐसे मेधावी छात्र हर गांव में है. सरकार और समाज को उनकी तलाश करने की जरूरत है. ग्रामीण क्षेत्र में कई ऐसे मेधावी है जिनके अंदर देश और दुनिया में कुछ कर गुजरने की इच्छा और क्षमता है और ऐसे मेधावी को विश्वमंच पर स्थान हमें सुनिश्चित करना चाहिए. साथ ही देवशी के माता-पिता को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देता हूं.





