सेना के जवान का शव पहुंचा वैशाली : गांव में मचा कोहराम, अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब

Edited By:  |
sena ke jawan ka shav pahucha vaishali sena ke jawan ka shav pahucha vaishali

वैशाली : खबर है वैशाली जिले से जहां सेना के जवान का शव उसके पैतृक गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। जवान के अंतिम दर्शन को हजारो की भीड़ उमड़ पड़ी। जानकारी मिल रही है कि जवान की मौत करंट लगने से हुई है। बता दें कि मृतक की तैनाती राजस्थान के जसलमेर में है और फ़िलहाल वह छुट्टी पर घर आया था लेकिन हादसे का शिकार हो गया।

वैशाली के सहदेई के रहने वाले जवान की मौत पूर्णिया में करंट लगने से हो गई। मृतक जवान बब्लू राजस्थान के जसलमेर में सेना में सिपाही के पद पर तैनात था। वह दशहरा में घर पर 28 दिनों के छुट्टी पर आए थे और दीपावली के बाद 26 अक्टूबर को वापस राजस्थान जाने वाले थे। इसी बीच 18 अक्टूबर को शाम में पूर्णिया स्थित अपने आवास की साफ सफाई करने के उद्देश्य से अकेले ट्रेन से गए थे। साफ सफाई करने के दौरान करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।

मृतक जवान बब्लू कुमार सिंह 2012 में सेना में सिपाही के पद पर चयनित हुए थे और अहमदानगर बिकानेर में ट्रेनिंग पुरी की थी। उसके बाद राजस्थान के जसलमेर में तैनात थे। लोगों ने बताया कि शव को पुर्णिया से सीधा दानापुर कैंट ले जाया गया जहाँ से शव आज पैतृक घर पहुंचा और सहदेई के मुरौव्वतपुर गंगा घाट पर सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार किया गया। सेना ने भी जवान को गार्ड ऑफ़ ऑनर देकर आखिरी विदाई दी है।

28 वर्षीय बबलू कुमार सिंह की मौत होने से परिवार के लोग काफी सदमे में है। बबलू कुमार सिंह की परिवार का मुख्य सहारा थे। उनके बड़े भाई दीपक कुमार सिंह ऑटो चलाते हैं। बता दें कि बबलू सिंह दो भाइयों में छोटे थे उनकी मौत होने पर पत्नी नूतन सिंह, मां चंद्रा देवी, 3 वर्षीय पुत्री साक्षी के अलावा अन्य लोगों का भी रो-रो कर बुरा हाल है।

ऋषभ की रिपोर्ट


Copy