BIHAR NEWS : दूरी अब बाधा नहीं - 4 वर्ष में 28 हजार दिव्यांगजनों को दी गई ट्राईसाइकिल

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : राज्य में दिव्यांगजनों को शिक्षा,रोजगार और सामाजिक भागीदारी से जोड़ने के लिए सरकार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है. समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय के तहत वर्ष 2022 से अबतक यानी पिछले 4 वर्ष में 28 हजार 441 दिव्यांगजनों को बैटरी से चलने वाली ट्राईसाइकिल दी जा चुकी है. इसके साथ उन्हें हेलमेट जैसे सुरक्षा उपकरण भी दिए जाते हैं.

विभाग के स्तर से दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए चलाई जा रही ट्राईसाइकिल वितरण योजना के तहत पिछले कुछ वर्षों में बड़ी संख्या में लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई है. वित्तीय वर्ष 2022-23 में कुल 8 हजार 956 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिलें दी गईं,जबकि 2023-24 में यह संख्या बढ़कर 9 हजार 416 हो गई.

वित्तीय वर्ष 2024-25 में 6 हजार 307 और वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 3 हजार 762 दिव्यांगजनों को यह सहायक उपकरण वितरित किया जा चुका है. यह योजना विशेष रूप से उन दिव्यांगजनों के लिए शुरू की गई है, जिनकी चलने की क्षमता 60 प्रतिशत या उससे अधिक प्रभावित है तथा उनका शिक्षा या रोजगार स्थल निवास स्थान से तीन किलोमीटर या अधिक दूरी पर स्थित है. यह सहायक उपकरण उनकी दैनिक गतिविधियों में मदद के साथ-साथ स्वावलंबन, आत्मसम्मान और समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने का माध्यम बन रहा है.