सम्राट चौधरी ने बहनों को दिया बड़ा तोहफा : रक्षाबंधन पर शिक्षा,स्टार्टअप और सुरक्षा के लिए कई योजनाओं की शुरुआत,आर्थिक सहायता देने पर जोर
पटना:रक्षाबंधन के पावन अवसर पर ज्ञान भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिरकत की. गृह विभाग एवं शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार की महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को लेकर कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की गई.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में महिलाओं की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 1,000 महिलाओं को पीएचडी के लिए प्रतिमाह 10 हजार रुपये की फेलोशिप देने की शुरुआत की गई. वहीं, 2,100 महिलाओं को स्टार्टअप शुरू करने के लिए 50 हजार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की पहल भी शुरू हुई.

महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पुलिस दीदी योजना की भी शुरुआत की गई.इसके तहत पूरे बिहार में करीब 2,700 स्कूटी और 2,000 से अधिक मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई जाएंगी. स्कूल और कॉलेजों के आस-पास पुलिस दीदी की तैनाती की जाएगी,जिससे छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके.
कार्यक्रम में बताया गया कि बिहार में करीब 1.81 करोड़ महिलाएं जीविका से जुड़ी हैं और लगभग 43 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सरकार ने अगले दो वर्षों में एक लाख और जीविका दीदियों को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा है.
मुख्यमंत्री ने महिलाओं को शिक्षा, रोजगार,उद्यमिता और सुरक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई. कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएं ही विकसित और समृद्ध बिहार की मजबूत पहचान बनेंगी.रक्षाबंधन के मौके पर शुरू की गई इन योजनाओं को बिहार की महिलाओं और बेटियों के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.





