वैशाली में बाढ़ से जन जीवन अस्त-व्यस्त : 100 से ज्यादा परिवार 8 दिनों से बांध पर रहने को मजबूर,अब तक कोई व्यवस्था नहीं
वैशाली: जिले के देसरी से बड़ी खबर आ रही है. यहां गंगा का पानी गांव में घुसने के बाद हालात बेहद खराब हो गई है. खड़गपुर गांव के करीब 104 परिवार पिछले 8 दिनों से बांध पर जिंदगी गुजारने को मजबूर है. ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक प्रशासन की ओर से बाढ़ पीड़ितों की सुध लेने कोई जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा है.
बताए कि 19 अगस्त की रात गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया था. देखते ही देखते बाढ़ का पानी खड़गपुर गांव के घरों में घुस गया. जिसके बाद ग्रामीणों को अपना घर-बार छोड़कर बच्चों और मवेशियों के साथ सुरक्षित ऊंचे स्थान पर जाना पड़ा. मजबूरी में ग्रामीणों ने बांध पर ही झुग्गियां बनाकर अपना ठिकाना बना लिया.
ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के 8 दिन बीत चुके हैं,लेकिन उनकी परेशानी कम नहीं हुई है न पर्याप्त भोजन-पानी मिल रहा है और न ही बच्चों और बुजुर्गों के लिए कोई विशेष इंतजाम किया गया है. बाढ़ पीड़ितों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया है. ग्रामीणों को डर है कि अगर गंगा का जलस्तर और बढ़ा तो बांध पर रहना भी मुश्किल हो जाएगा. फिलहाल बाढ़ पीड़ितों ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री,भोजन,पीने का पानी और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है.





