Hindi News / कई गांव और प्रोजेक्ट बहे,28 पुलिसकर्मी लापता,प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

तिब्बत सीमा पर भीषण बाढ़ से नेपाल में तबाही : कई गांव और प्रोजेक्ट बहे,28 पुलिसकर्मी लापता,प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

Edited By:  |
tibbet sima par bhisan badh se nepal mein tabahi tibbet sima par bhisan badh se nepal mein tabahi

नेपाल में तिब्बत सीमा से लगे इलाकों में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। बाढ़ की चपेट में आने से कई गांव और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट साइट्स के बहने की खबर है। इस प्राकृतिक आपदा के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। अधिकारियों ने बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान की आशंका जताई है।

सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में नेपाल का पहाड़ी जिला रसुवा बताया जा रहा है। यहां स्याप्रु बेसी और तिमुरे इलाके बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। अचानक आई बाढ़ के कारण कई जगहों पर संपर्क भी प्रभावित हुआ है। वहीं, बाढ़ में 28 पुलिसकर्मियों के लापता होने की सूचना सामने आई है।


प्रशासन ने भोटे कोशी नदी के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। लोगों से नदी के आसपास के इलाकों को छोड़कर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की गई है। अधिकारियों को आशंका है कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

रसुवा के जिला प्रशासक नरेंद्र परियार ने बताया कि गांवों और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट साइट्स के बह जाने की खबरें मिली हैं। हालांकि, फिलहाल जान-माल के नुकसान का पुख्ता आकलन नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि नुकसान काफी बड़ा हो सकता है, लेकिन अभी निश्चित तौर पर कुछ कहना संभव नहीं है।

बाढ़ के बाद स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है। प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों तक मदद पहुंचाने और लापता पुलिसकर्मियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और नदी किनारे जाने से बचने की अपील की है।