रांची समेत देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आज : राजधानी के मोरहाबादी मैदान में मटकी फोड़ और रासलीला का आयोजन
रांची: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का शुभारंभ बाल गोपाल-बाल राधा पोशाक प्रतियोगिता के साथ रांची के मोरहाबादी स्थित एक बैंक्वेट हाल में शुरु हुई. विधायक सुरेश बैठा ने दीप प्रज्वलित कर इसका शुभारंभ किया. इस मौके पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आयोजन समिति मोरहाबादी के मुख्य संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद , अध्यक्ष बिनोद गोप समेत कई लोग मौजूद रहे.
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आज रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में दही हांडी का आयोजन होगा. भजन संध्या एवं रासलीला का मंचन किया जाएगा. सुरेश बैठा ने कहा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर रांचीवासियों में काफी उत्साह है. इस साल दो दिवसीय आयोजन में बच्चों से लेकर युवाओं और श्रद्धालुओं के लिए श्रीकृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
मुख्य संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद ने भी तमाम राज्यवासियों को जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई दी है और कहा है कि इस आयोजन को पहले भी लोगों का प्यार और समर्थन मिलता रहा है जो ऐसे भव्य आयोजन के लिए प्रेरणा देता है. संरक्षक डॉ. राजेश गुप्ता ने भी शहर वासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी.





