रांची के चडरी तालाब में मिला शव : घटनास्थल से जुटाए जा रहे साक्ष्य,पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
रांची: राजधानी के चडरी तालाब से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई है. तालाब में शव तैरता देखकर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आस पास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मृतक की नहीं हो पाई पहचान
रांची के चडरी तालाब में उस वक्त लोगों की भीड़ जुट गई,जब तालाब में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी. पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर शव को तालाब से बाहर निकाला. मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. पुलिस आस पास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जांच कर रही है ताकि शव की शिनाख्त हो सके.
पुलिस हर पहलू पर कर रही जांच
वहीं, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हर पहलू पर मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मामले में आगे कुछ कहा जा सकेगा.





