रांची : AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर विधानसभा मार्च के दौरान विरोधियों ने फेंकी स्याही,आरोपी गिरफ्तार
रांची: 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर AISA की ओर से निकाले गए विधानसभा मार्च के दौरान संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंकने की घटना हुई। पुलिस ने इस मामले में हजारीबाग निवासी अमरनाथ पांडेय को गिरफ्तार कर जगन्नाथपुर थाना में रखा है।
छात्रों की मांगों के समर्थन में निकाला गया था मार्च
नेहा बोरा ने बताया कि विधानसभा मार्च का उद्देश्य जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलनरत छात्रों की मांगों का समर्थन करना था। उन्होंने कहा कि AISA 14वीं जेपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने, समय पर नई परीक्षा आयोजित कराने और परीक्षा का जिम्मा निजी एजेंसियों की बजाय सरकार द्वारा अपने संस्थानों के माध्यम से कराने की मांग का समर्थन करता है।
पीछे से फेंकी गई स्याही
नेहा बोरा के मुताबिक, विधानसभा मार्च के दौरान विनोबा भावे विश्वविद्यालय के बीए ऑनर्स के एक छात्र ने पीछे से उन पर स्याही फेंकी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
RSS से जुड़े होने का लगाया आरोप
नेहा बोरा ने दावा किया कि जांच में पता चला है कि स्याही फेंकने वाला व्यक्ति RSS से जुड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्याही फेंकने के बाद आरोपी ने "जय श्री राम" के नारे भी लगाए।
बीजेपी पर उठाए सवाल
AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी छात्रों के आंदोलन से नाराज क्यों है, यह बड़ा सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से उनके ऊपर स्याही फेंकी गई। साथ ही उन्होंने कहा कि इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को स्पष्ट करना चाहिए कि इस मामले में क्या कार्रवाई की जा रही है।
10 अगस्त के मार्च को रहेगा AISA का समर्थन
नेहा बोरा ने कहा कि 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा मार्च को AISA का पूरा समर्थन रहेगा, लेकिन इस घटना के बाद वह स्वयं उस मार्च में शामिल नहीं होंगी।





