राज्यसभा चुनाव : JMM और कांग्रेस 6 जून तक करेगी उम्मीदवारों की घोषणा,जानिए संभावित नाम
रांची:झारखंड में राज्यसभा के दो सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है. अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों अपना-अपना समीकरण बैठने की कोशिश में जुटी हुई है,तो वही महागठबंधन की सरकार की तरफ से उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. अभी तक यह तय हो चुका है कि जेएमएम एक सीट पर और कांग्रेस एक सीट पर चुनाव लड़ेगी, लेकिन उम्मीदवारों के नाम को लेकर अभी भी मंथन जारी है.
शुरू हुई राज्यसभा चुनाव की चुनावी प्रक्रिया
झारखंड में दो सीटों पर होने वाले राज्यसभा के चुनाव को लेकर सोमवार को अधिसूचना जारी हो गई है. आज यानी 1 जून से 8 जून के बीच उम्मीदवार अपना नामांकन कर सकते है. 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, तो 11 जून तक नाम वापस लेने की समय सीमा तय की गई है. वही 18 जून को मतदान सुबह 9:00 बजे से अपराहन 4:00 बजे तक होगा, मतदान के बाद शाम 5:00 से मतों की गिनती की जाएगी जिसके बाद शाम तक उम्मीदवारों की जीत की हो घोषणा की जाएगी.
6 जून तक उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर देगा महागठबंधन
जानकारी के मुताबिक,महागठबंधन की तरफ से 6 जून तक उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी जाएगी. वहीं, अगर उम्मीदवारों की बात करें तो जेएमएम की तरफ से सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय से विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन एवं सीएम की बहन अंजलि सोरेन राज्यसभा की उम्मीदवार हो सकती है,तो दूसरी तरफ कांग्रेस के अंदर पांच नाम को लेकर चर्चा सबसे तेज है. जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व मेयर रमा खलखो के अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नाम पर पार्टी के अंदर बात चल रही है. हालांकि कांग्रेस की तरफ से इन्हीं पांच नाम में से किसी एक पर मुहर लगेगी या कोई बाहरी होगा अभी बता पाना मुश्किल है.
कांग्रेस ने कहा-कप्तान के आदेश का इंतजार
वहीं, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सोनल शांति का कहना है कि पूरी मजबूती के साथ राज्यसभा चुनाव की तैयारी कर लिए हैं, संख्या बल हमारे पास है और हमारी जीत दोनों सीट पर सुनिश्चित है. सभी विधायक एक झूठ है और अपने कप्तान के आदेश पर आगे बढ़ेंगे. इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी राज्यसभा के चुनाव में उम्मीदवार देकर विधायकों के खरीद- फरोख्त में लग जाएगी. हम उसके मंसूबे को कामयाब नहीं होने देंगे. क्योंकि इससे पहले भी कई बार राज्यसभा के चुनाव में देखा गया है कि बीजेपी साम, दाम, दंड, भेद अपना कर अपने उम्मीदवार को जिताने की कोशिश करती रही है. लेकिन इस बार ऐसा नहीं होने जा रहा है.
रांची से संवाददाता राहुल कुमार की रिपोर्ट





