राज्यसभा चुनाव : कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा ने खरीदा नामांकन पत्र, नेताओं की रही मौजूदगी
रांची: झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच कांग्रेस पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार प्रणव झा ने शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत करते हुए नामांकन पत्र खरीदा. इस मौके पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उनके साथ मौजूद रहे.
प्रदेश नेतृत्व ने दिखाई एकजुटता
नामांकन पत्र खरीदने के दौरान केशव महतो कमलेश, विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री दीपिका पांडे सिंह और मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की सहित पार्टी के कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे. नेताओं ने उम्मीदवार को शुभकामनाएं देते हुए राज्यसभा चुनाव में जीत का भरोसा जताया.
कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों का दिया संदेश
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी, रियाज अंसारी, सुल्तान अहमद तथा उज्ज्वल प्रकाश तिवारी समेत अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे. नामांकन पत्र की खरीद के साथ कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों और संगठनात्मक एकजुटता का भी संदेश दिया है. बताया जा रहा है कि आगामी दिनों में प्रणव झा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपना नामांकन दाखिल करेंगे.





