Hindi News / 23 अगस्त को होगा भव्य आयोजन, उत्कृष्ट प्रतिभाओं का होगा सम्मान

सीमांचल यूथ आइकॉन सम्मान समारोह 2026 : 23 अगस्त को होगा भव्य आयोजन, उत्कृष्ट प्रतिभाओं का होगा सम्मान

Edited By:  |
Seemanchal Youth Icon Award Ceremony 2026 Seemanchal Youth Icon Award Ceremony 2026

पूर्णिया- सीमांचल क्षेत्र की प्रतिभाओं, युवाओं, समाजसेवियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्यमियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के उद्देश्य से "सीमांचल यूथ आइकॉन सम्मान समारोह 2026" का आयोजन आगामी 23 अगस्त 2026 को विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल, पूर्णिया में किया जाएगा। इस भव्य समारोह का आयोजन इवेंटजिक मीडिया द्वारा किया जा रहा है, जबकि विद्या विहार करियर प्लस एवं लेट्स इंस्पायर बिहार इस कार्यक्रम के प्रमुख सहयोगी हैं।कार्यक्रम के संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजकों ने बताया कि सीमांचल क्षेत्र में शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, सामाजिक सेवा, खेल, कला एवं संस्कृति, युवा उद्यमिता, दूरसंचार, राजनीति, मनोरंजन, रियल एस्टेट सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को इस मंच के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सम्मान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक कार्य कर रहे लोगों को पहचान दिलाना तथा युवाओं को प्रेरित करना भी है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विद्या विहार ग्रुप के सचिव राजेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि सीमांचल प्रतिभाओं की धरती है। यहां अनेक ऐसे लोग हैं जो अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें वह पहचान नहीं मिल पाती जिसके वे हकदार हैं। सीमांचल यूथ आइकॉन सम्मान समारोह ऐसे लोगों को सम्मानित कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन क्षेत्र के विकास और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।विद्या विहार कैरियर प्लस के निदेशक प्रशांत शंकर ने कहा कि युवाओं को प्रेरित करने के लिए सफल और समाज के लिए योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को मंच प्रदान करना आवश्यक है। यह कार्यक्रम सीमांचल के युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करेगा। उन्होंने कहा कि सदैव शिक्षा, प्रतिभा सम्मान और युवा सशक्तिकरण के लिए कार्य करता रहा है और आगे भी करता रहेगा।

VVRS की प्रशासक सुप्रिया मिश्र ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना सामाजिक दायित्व है। ऐसे आयोजन न केवल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि समाज को भी एक नई दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने सीमांचल के लोगों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।इवेंटजिक मीडिया के प्रमुख चंदन राज ने बताया कि यह समारोह सीमांचल के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य सीमांचल की सकारात्मक छवि को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना तथा उन लोगों को सम्मानित करना है जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष होगी तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की सहभागिता से सम्मान हेतु योग्य व्यक्तियों का चयन किया जाएगा।

कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए PRO आशीष झा ने बताया कि सम्मान समारोह के लिए विभिन्न श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि इस समारोह में बिहार सरकार के कई माननीय मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, समाजसेवी, उद्योगपति एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी। साथ ही मगध रेंज के आईजी विकास वैभव विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।

पूर्णिया से जे पी मिश्र की रिपोर्ट