पूर्णिया में सेक्स रैकेट का खुलासा : पुलिस ने रेडलाइट एरिया में मारा छापा, 11 नाबालिगों को कराया मुक्त, 27 महिला समेत 33 गिरफ्तार
PURNIA :पूर्णिया के सदर थाना क्षेत्र के कटिहार मोड़ स्थित रेड लाइट एरिया से पुलिस ने छापेमारी करते हुए रेडलाइट एरिया से 11 नाबालिग को देह व्यापार से मुक्त कराया है। इसके साथ ही 27 महिला समेत 33 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक पूर्णिया द्वारा गठित विशेष टीम द्वारा पूर्णिया जिले के विभिन्न रेड लाइट एरिया में छापेमारी के दौरान 11 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू के उपरांत महिला थाना के पुलिस पदाधिकारी के द्वारा सभी नाबालिग को समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बाल कल्याण समिति के आदेश पर नाबालिग बच्चियों को काउंसिलिंग एवं संरक्षण प्रदान किया गया। वहीं, पुलिस की इस रेड के बाद से रेडलाइट एरिया में हड़कंप का माहौल है।
रेड लाइट एरिया में महिला धंधेबाजों की गिरफ्तारी के लिए एसपी कार्तिकेय शर्मा ने एक विशेष टीम का गठन किया। सदर SDPO पंकज कुमार शर्मा की अगुवाई में रेड लाइट एरिया में रेड की गई। पुलिस के पहुंचते ही देह व्यापार में संलिप्त महिला धंधेबाज भागने लगीं।
पुलिस को पहली बार के रेड में निराशा हाथ लगी, जिसके बाद धंधेबाजों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने जाल बिछाया और फिर पुलिस ने महिलाओं को हिरासत में लिया। इसमें नाबालिग भी शामिल हैं।
हिरासत में ली गई सभी महिलाओं को महिला थाना लाया गया है। एसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी, रेड लाइट एरिया में नाबालिग लड़कियों से जबरन देह व्यापार का धंधा करवाया जा रहा है। सूचना के आधार पर छापेमारी की गईं।