पटना नगर निगम की पहल रंग लाई : सहयोग शिविरों से लोगों की समस्याओं का हो रहा त्वरित समाधान
पटना: नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निपटारे और सरकारी कार्यालयों के चक्कर से राहत दिलाने के उद्देश्य से पटना नगर निगम द्वारा चलाया जा रहा सहयोग शिविर अभियान लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित हो रहा है. निगम की ओर से प्रत्येक महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को विभिन्न अंचलों में ऑफलाइन सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां नागरिक सीधे अपनी शिकायतें और समस्याएं दर्ज करा सकते हैं.
16जून को नगर निगम के छह अंचलों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने वार्डों से समस्याएं लेकर पहुंचे. इससे स्थानीय स्तर पर शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया और अधिक सरल एवं प्रभावी बनी है.
नगर निगम के अनुसार, 2जून को आयोजित पहले सहयोग शिविर में282आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से58मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया था. वहीं, ऑनलाइन सुविधा के तहत बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल पर भी नागरिक घर बैठे शिकायत दर्ज करा सकते हैं. शिकायत दर्ज होते ही एक रेफरेंस नंबर जारी होता है, जिससे आवेदक अपनी शिकायत की स्थिति की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं.
सबसे उत्साहजनक पहलू यह है कि पटना नगर निगम शिकायतों के निपटारे में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार सहयोग पोर्टल पर प्राप्त463आवेदनों में से452का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है. यानी98प्रतिशत से अधिक शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया गया है. शेष मामलों पर भी संबंधित विभागों द्वारा तेजी से कार्रवाई की जा रही है.
नगर निगम की यह पहल नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ सुशासन और जवाबदेही का एक सकारात्मक उदाहरण बनकर उभर रही है.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट-





