पटना में गंगा में डूबे तीन किशोर : एक का शव बरामद,दो की तलाश जारी,SDRF टीम चला रही सर्च ऑपरेशन
पटना: इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. खुसरूपुर थाना क्षेत्र के आदिलपुर घाट पर गंगा नदी में नहाने के दौरान तीन किशोर डूब गए. इनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है. SDRF की टीम ने करीब 15 वर्षीय अंकुश का शव गंगा नदी से बाहर निकाल लिया है. वहीं, दो अन्य किशोर रौनक और सुंदरम की तलाश अब भी जारी है. SDRF की टीम मोटरबोट और अन्य संसाधनों की मदद से लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है.
जानकारी के मुताबिक, खुसरूपुर थाना क्षेत्र के जगमाल बीघा गांव से छह किशोर रविवार सुबह आदिलपुर घाट पहुंचे थे. सभी दोस्त बताए जा रहे हैं. गंगा में नहाने के दौरान अचानक अंकुश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. दोस्त को डूबता देखकर 15 वर्षीय रौनक और 15 वर्षीय सुंदरम उसे बचाने के लिए गहरे पानी में उतर गए,लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण तीनों किशोर नदी में लापता हो गए.
घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से तीनों किशोरों की तलाश शुरू की. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस के पहुंचने के बाद SDRF की टीम को मौके पर बुलाया गया और गंगा नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. काफी तलाश के बाद SDRF की टीम ने अंकुश का शव बरामद कर लिया.
मृतक किशोर की पहचान 15 वर्षीय अंकुश के रूप में हुई है. अंकुश अपने परिवार का बड़ा बेटा था और उसका एक छोटा भाई है. वहीं, लापता दोनों किशोरों की पहचान 15 वर्षीय रौनक और 15 वर्षीय सुंदरम के रूप में हुई है. रौनक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है. जबकि सुंदरम भी परिवार का इकलौता बेटा है. तीनों किशोर पढ़ाई करते थे और इसी वर्ष 11वीं कक्षा में पहुंचे थे.
गंगा में तेज बहाव के कारण SDRF की टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. फिलहाल दो किशोरों की तलाश लगातार जारी है. पूरे जगमाल बीघा गांव में मातम पसरा हुआ है.





