Hindi News / ई-रिक्शा आगे बढ़ाने को लेकर विवाद के बाद सिर फोड़ा, अस्पताल में भर्ती

पटना में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक सिपाही से मारपीट : ई-रिक्शा आगे बढ़ाने को लेकर विवाद के बाद सिर फोड़ा, अस्पताल में भर्ती

Edited By:  |
patna mai duty per tainaat traffic sipahi se maarpit patna mai duty per tainaat traffic sipahi se maarpit

पटना : राजधानी पटना के राजेंद्र नगर टर्मिनल स्थित ट्रैफिक चेक पोस्ट पर शुक्रवार सुबह ड्यूटी के दौरान ट्रैफिक सिपाही के साथ मारपीट की घटना सामने आई है. घटना में ट्रैफिक सिपाही शोभा पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए. मारपीट के दौरान उनके सिर में चोट लगी,जिससे सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गए. घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार,राजेंद्र नगर टर्मिनल के पास सड़क पर सुबह के समय जाम की स्थिति बनी हुई थी. यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात सिपाही शोभा पासवान ने सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े ई-रिक्शा चालकों को वाहन आगे बढ़ाने के लिए कहा. इसी बात को लेकर कुछ ई-रिक्शा चालक सिपाही से उलझ गए. देखते ही देखते कहासुनी विवाद में बदल गई.

आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद ई-रिक्शा चालकों के एक समूह और राजेंद्र नगर पुल के नीचे रहने वाले कुछ लोगों ने मिलकर सिपाही के साथ मारपीट शुरू कर दी. अचानक हुए हमले में सिपाही के सिर पर गंभीर चोट लगी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई.

सूचना मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया. घायल सिपाही को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया,जहां उनका उपचार चल रहा है.

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-