पटना : शिक्षा परीक्षा में भ्रष्टाचार के खिलाफ भाकपा माले का संकल्प मार्च
पटना: शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष तेज करने तथा छात्र आंदोलनकारियों की बिना शर्त रिहाई की मांग को लेकर भाकपा माले के बैनर तले गुरुवार को संकल्प मार्च निकाला गया। प्रखंड सचिव गुरदेव दास के नेतृत्व में यह मार्च इसापुर नहर से शुरू होकर चुनौटी कुआं होते हुए भगत सिंह चौक पहुंचा, जहां संकल्प सभा आयोजित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए प्रखंड सचिव गुरदेव दास ने कहा कि शिक्षा का बाजारीकरण बंद किया जाए और पूरे देश में छात्र आंदोलनकारियों को तत्काल बिना शर्त रिहा किया जाए। उन्होंने नगरनौसा के आंदोलनकारियों की तस्वीरें जारी कर नोटिस भेजे जाने की निंदा करते हुए प्रशासन से सार्वजनिक माफी की मांग की।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान एके-47 चलाने का आदेश देने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पूरे मामले पर जवाब देने की मांग की। पुलिस फायरिंग में घायल छात्रों और आंदोलनकारियों को उचित मुआवजा देने, बिहार के विश्वविद्यालयों में 300 प्रतिशत फीस वृद्धि वापस लेने तथा ऑनर्स में नामांकन के लिए सीजीपीए की अनिवार्यता समाप्त करने की भी मांग उठाई गई।
सभा में भाकपा माले के वरिष्ठ नेता कॉमरेड शरीफा माझी, देवी लाल पासवान, साधु शरण प्रसाद, रंजन दास, राजकुमार राय, गोरख भाई, कॉमरेड अनवर हुसैन, कॉमरेड तकरीम खान सहित दर्जनों कार्यकर्ता और छात्र-युवा उपस्थित रहे।





