सरायकेला पुलिस का बाइक चोरों पर शिकंजा : चोरी की पांच मोटरसाइकिल के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
सरायकेला:खरसावां पुलिस को बाइक चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा किया. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की पांच मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है.
सरायकेला थाना कांड संख्या 61/2026 की जांच के दौरान गठित एसआईटी ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अख्तर अंसारी उर्फ तेजा, करण बास्के और कृष्णा नाथ उर्फ दुखु को गिरफ्तार किया. पूछताछ में तीनों ने बाइक चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर चोरी की एक पंजीकृत हीरो स्प्लेंडर समेत कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद की गई. पुलिस के अनुसार गिरोह जिले के साथ-साथ आस-पास के क्षेत्रों में भी बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. गिरफ्तार आरोपियों में दो के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.





