Hindi News / AI ब्लैकमेलिंग से 12 वर्षीय छात्र को बनाया निशाना

पटना : AI ब्लैकमेलिंग से 12 वर्षीय छात्र को बनाया निशाना

Edited By:  |
patna patna

पटना: जिले के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत मामले में साइबर ब्लैकमेलिंग का बेहद गंभीर और चौंकाने वाला एंगल सामने आया है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि छात्र को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद से तैयार की गई फर्जी आपत्तिजनक तस्वीर के जरिए कथित तौर पर ब्लैकमेल किया जा रहा था।

मामले में पुलिस ने झारखंड के हजारीबाग से मुख्य आरोपित सुनील साव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित छात्र से लगातार पैसों की मांग कर रहा था और फर्जी तस्वीर को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाया जा रहा था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि छात्र मोबाइल फोन पर एक व्यक्ति से लगातार बातचीत करता था। जिस नंबर से बातचीत हो रही थी, उसकी डिस्प्ले पिक्चर यानी DP पर एक लड़की की तस्वीर लगी हुई थी। शुरुआत में प्रोफाइल देखकर यह किसी लड़की का नंबर प्रतीत हो रहा था, लेकिन तकनीकी जांच में इसके पीछे हजारीबाग निवासी सुनील साव के होने की बात सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने छात्र की तस्वीर का इस्तेमाल कर AI की मदद से फर्जी आपत्तिजनक तस्वीर तैयार की। इसके बाद इसी तस्वीर को वायरल करने की धमकी देकर छात्र को कथित तौर पर ब्लैकमेल किया गया।

पुलिस अब पूरे मामले की तकनीकी जांच कर रही है। मोबाइल फोन, चैट, नंबर और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। इस घटना ने बच्चों को साइबर अपराध और AI के गलत इस्तेमाल से बचाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट