Hindi News / बांकीपुर जीत के बाद जानिए प्रशांत किशोर का बड़ा प्लान

पटना : बांकीपुर जीत के बाद जानिए प्रशांत किशोर का बड़ा प्लान

Edited By:  |
patna patna

पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद जन सुराज ने बिहार की राजनीति में अपनी अगली रणनीति पर काम शुरू कर दिया है. पार्टी की नजर अब विधान परिषद और पंचायत चुनाव पर है. बांकीपुर में जीत से उत्साहित जन सुराज संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने की तैयारी में जुट गया है.

बिहार यात्रा पर निकल सकता जन सुराज

जन सुराज के अनुसार,प्रशांत किशोर सितंबर में एक बार फिर बिहार यात्रा पर निकल सकते हैं. इस दौरान वह अलग-अलग जिलों, गांवों और कस्बों का दौरा करेंगे. यात्रा का मुख्य उद्देश्य संगठन का विस्तार और आगामी चुनावों के लिए जमीनी तैयारी मजबूत करना बताया जा रहा है.

पूरे बिहार में सदस्यता अभियान शुरू करने की तैयारी

पार्टी अक्टूबर 2026 से पूरे बिहार में व्यापक सदस्यता अभियान शुरू करने की तैयारी में है. यह अभियान करीब तीन महीने तक चलाने की योजना है. इसके जरिए गांव से लेकर जिला स्तर तक नए लोगों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा.

पार्टी इन सीटों पर चुनाव लड़ने के मूड में हैं

जन सुराज की नजर विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक कोटे की आठ सीटों पर भी है. इन सीटों का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त होने वाला है. इनमें पटना,दरभंगा,तिरहुत और कोसी की स्नातक-शिक्षक सीटें शामिल हैं. पार्टी इन सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है.

जन सुराज ने बनानी शुरू कर दी रणनीति

इसके साथ ही अगले साल प्रस्तावित पंचायत चुनाव को लेकर भी जन सुराज ने रणनीति बनानी शुरू कर दी है. प्रशांत किशोर ने हर जिले में जन सुराज का जिला परिषद अध्यक्ष बनाने को लक्ष्य बताया है.

बांकीपुर की जीत के बाद पार्टी का बढ़ाआत्मविश्वास

बांकीपुर की जीत के बाद पार्टी का आत्मविश्वास बढ़ा है,लेकिन अब असली चुनौती इस जीत को पूरे बिहार में संगठनात्मक ताकत में बदलने की है. MLC और पंचायत चुनाव जन सुराज के लिए अगली बड़ी राजनीतिक परीक्षा साबित हो सकते हैं.

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट