NEET पेपर लीक केस : CBI ने दाखिल की 20 हजार पन्नों की चार्जशीट,न्यायिक हिरासत में 13 आरोपी
पटना: NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने जांच में बड़ा कदम उठाते हुए राउज एवेन्यू कोर्ट में करीब 20 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। कोर्ट ने चार्जशीट को रिकॉर्ड पर ले लिया है,लेकिन उससे जुड़े एनेक्सचर और अन्य दस्तावेज दाखिल करने के लिए CBI को अतिरिक्त समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई अब 3 अगस्त को होगी।
सुनवाई के दौरान CBI ने अदालत को बताया कि चार्जशीट के साथ जुड़े एनेक्सचर की स्कैनिंग का काम जारी है। अदालत ने यह भी कहा कि चार्जशीट में जिन दस्तावेजों और गवाहों के बयानों का उल्लेख किया गया है, उन्हें भी रिकॉर्ड पर प्रस्तुत किया जाए। इसके बाद जांच एजेंसी ने समय की मांग की, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।
इस बहुचर्चित मामले में CBI ने 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। चार्जशीट में 360 गवाहों के बयान, 422 दस्तावेज और 43 महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्यों को शामिल किया गया है। जांच एजेंसी ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
गौरतलब है कि NEET UG 2026 की परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी। उसी दिन पेपर लीक की शिकायत मिलने के बाद CBI ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के लिए 72 अधिकारियों और कर्मचारियों की कई टीमें बनाई गई थीं, जिनमें साइबर फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी शामिल थे। अब 3 अगस्त की सुनवाई में एनेक्सचर दाखिल होने के बाद मामले की आगे की न्यायिक प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।





