भीषण गर्मी की मार : बिहार के इन स्कूलों में 32 से अधिक छात्र हुए बेहोश, मची अफरा-तफरी, केके पाठक के खिलाफ लोगों में नाराजगी

Edited By:  |
More than 26 students fainted in Begusarai, Sheikhpura and Aurangabad. More than 26 students fainted in Begusarai, Sheikhpura and Aurangabad.

PATNA :बिहार में भीषण गर्मी ने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मंगलवार को औरंगाबाद में पारा 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। वहीं, 9 जिलों में 44 डिग्री के पार तापमान था, ऐसे में मौसम विभाग की हिदायत के बावजूद भी बिहार के सरकारी स्कूल में पठन-पाठन का कार्य जारी है लिहाजा बच्चे लगातार बीमार पड़ रहे हैं। बेगूसराय, शेखपुरा और औरंगाबाद में स्कूल में पढ़ाई के दौरान तकरीबन 26 से अधिक बच्चे भीषण गर्मी की चपेट में आने से बेहोश हो गये, जिसके बाद विद्यालय में अफरा-तफरी मच गयी।

बेगूसराय में 18 से अधिक बच्चे हुए बेहोश

बेगूसराय में भीषण गर्मी की वजह से 18 से अधिक बच्चे बेहोश हो गये, जिन्हें इलाज के लिए मटिहानी रेफरल अस्पतालव में भर्ती कराया गया है, जहां सभी बच्चों का इलाज जारी है। आपको बता दें कि बेगूसराय में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार है। ये पूरा मामला बेगूसराय के मटिहानी प्रखंड के मटिहानी मध्य विद्यालय का है।

भीषण गर्मी होने के बावजूद सभी विद्यालय खुले हुए हैं। मध्य विद्यालय मटिहानी में 10 बजे के करीब अचानक बच्चियां बेहोश होकर गिरने लगीं। इसके बाद प्रधानाध्यापक चंद्रकांत सिंह द्वारा पहले विद्यालय में ही ORS का घोल दिया गया लेकिन इसके बावजूद बेहोश होने का सिलसिला जारी रहा, जिसके बाद सभी बच्चियों को इलाज के लिए मटिहानी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल 14 बच्चियों का इलाज मटिहानी रेफरल अस्पताल में चल रहा है।

भीषण गर्मी की चपेट में बिहार

इधर, शेखपुरा और औरंगाबाद से भी बुरी खबर सामने आ रही है, जहां स्कूल में बच्चे बेहोश हो जा रहे हैं। शेखपुरा की बात करें तो भीषण गर्मी के वजह से 6 से अधिक बच्चे भीषण गर्मी की चपेट में आ गये हैं और वे बेहोश हो गये हैं। उन्हें आनन-फानन में शेखपुरा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की एक विशेष टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल बच्चों की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है।

शेखपुरा में 6 बच्चियां हुईं बेहोश

बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह शेखपुरा के एरिया प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय में प्रार्थना के दौरान यह घटना हुई है। बच्चों के बेहोश होने के बाद से ही ग्रामीणों में नाराजगी है। गांव वालों का कहना है कि भीषण गर्मी में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक का ये फैसला तालिबानी है। बच्चों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है।

औरंगाबाद में 2 छात्राएं हुईं बेहोश

वहीं, इसी तरह का मामला औरंगाबाद से भी सामने आया है, जहां भीषण गर्मी की चपेट में आने से दो छात्राएं बेहोश होकर गिर गयीं। ये पूरा मामला औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड के नीमा आजन पंचायत के छालीदोहर गांव में स्थित राजकीय उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय में हीट स्ट्रोक की चपेट में आने से दो छात्राएं बेहोश होकर गिर गयीं, जिससे पूरे विद्यालय में हड़कंप मच गया।

शिक्षकों ने 112 पर डायल कर दोनों छात्राओं को सीएचसी मदनपुर में भर्ती कराया हैं, जहां डॉक्टर द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उनकी तबियत में सुधार होने की बात कही। दोनों छात्राओं के नाम हैं - संजू कुमारी और अंशु कुमारी। इनकी बेहोशी की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

सूचना प्राप्त होते ही अंचलाधिकारी अकबर हुसैन, थानाध्यक्ष राजेश कुमार दल-बल के साथ सीएचसी मदनपुर पहुंचकर छात्राओं का हालचाल जाने और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के लिए निर्देशित किया।

पटना के इस स्कूल में 6 बच्चे हुए बेहोश

पटना के घोसवरी प्रखंड के कुर्मीचक मध्य विद्यालय में आज अचानक 6 बच्चे बेहोश हो गए और जमीन पर बेसुध होकर गिर पड़े। एक साथ 6 बच्चों के बेहोश होते ही स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में गंभीर रूप से बीमार 10 साल की मुस्कान कुमारी को पास के सम्यागढ़ में एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया।

गौरतलब है कि बिहार में गर्मी ने 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मंगलवार को औरंगाबाद का तापमान 48 डिग्री के करीब पहुंचा। मौसम विभाग के वैज्ञानिक के अनुसार आने वाले दिनों में बिहार के कई हिस्सों में भीषण गर्मी जारी रहेगी। आज गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर और बक्सर में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट तो नवादा, मधुबनी, सीतामढ़ी, दरभंगा और पूर्वी चंपारण में हॉट नाइट का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

(शेखपुरा से धर्मेंद्र कुमार के साथ औरंगाबाद से मंटू कुमार की रिपोर्ट)