सोशल मीडिया से हटाया 'मंत्री' का बायो : क्या दीपक प्रकाश छोड़ेंगे पद? बिहार की राजनीति में बढ़ी हलचल
बिहार की सियासत में इन दिनों राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बेटे और बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश को लेकर चर्चाएं तेज हैं। दीपक प्रकाश ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल से मंत्री पद का जिक्र हटा दिया, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।

हाल के दिनों में घोषित विधान परिषद चुनाव के लिए एनडीए उम्मीदवारों की सूची में दीपक प्रकाश को जगह नहीं मिली। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार किसी गैर-विधायक मंत्री को निर्धारित समय सीमा के भीतर विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना आवश्यक होता है। ऐसे में उनका नाम सूची से बाहर रहने के बाद उनके मंत्री पद को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
सोशल मीडिया प्रोफाइल से मंत्री शब्द हटाने को भी राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, दीपक प्रकाश ने अब तक इस्तीफे को लेकर कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है। दूसरी ओर, राजनीतिक हलकों में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि आने वाले दिनों में वे मंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
इस मामले को लेकर उपेंद्र कुशवाहा ने हालिया बयानों में कहा है कि इस मुद्दे पर अंतिम फैसला अभी होना बाकी है और समाधान निकलने की उम्मीद है। उन्होंने एनडीए के साथ मजबूती से बने रहने की बात भी दोहराई है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले कुछ दिन दीपक प्रकाश के राजनीतिक भविष्य के लिए काफी महत्वपूर्ण हैंफिलहाल मंत्री पद से इस्तीफे की अटकलें तो तेज हैं, लेकिन इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रिपोर्ट: अंकित कुमार
संपादन: कशिश न्यूज़ डेस्क





