झारखंड निकाय चुनाव : रांची में डेढ़ घंटे देर से शुरू हुई मतों की गिनती,प्रत्याशियों और समर्थकों में देखी गई बेचैनी
रांची:रांची नगर निगम चुनाव की मतगणना करीब डेढ़ घंटे देरी से शुरू हुई. निर्धारित समय पर प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी, जिससे प्रत्याशियों और समर्थकों में बेचैनी देखी गई. जानकारी के अनुसार सबसे पहले मेयर और पार्षद पद के बैलेट पेपर खोले गए. मेयर और पार्षद की मतगणना एक साथ की जा रही है, ताकि परिणाम शीघ्र घोषित किए जा सकें.
रांची नगर निकाय चुनाव को लेकर सुकुरहुटू स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में लगभग डेढ़ घंटे बाद मतगणना कार्य शुरू हुई. मतगणना के लिए कुल 53 वार्डों के लिए 09 हॉल बनाए गए हैं, जबकि बुंडू नगर पंचायत के लिए एक हॉल है. मतगणना के लिए प्रत्येक हॉल में 25-25 टेबल लगाए गए हैं.
मतगणना कार्य के लिए 09 हॉल में 53 वार्डों को विभाजित किया गया है. पहले रूम में वार्ड-1 से 6, दूसरे रूम में वार्ड-7 से 12, तीसरे रूम में वार्ड-13 से 18, चौथे रूम में वार्ड-19 से 24, पांचवे रूम में वार्ड-25 से 30, छठे रूम में वार्ड-31 से 36, सातवें रूम में वार्ड-37 से 41, आठवें रूम में वार्ड-42 से 47 और नौवें रूम में वार्ड-48 से 53 की काउंटिंग हो रही है.
पहले राउंड में सभी हॉल के शुरुआत के वार्डों के बूथों की मतपेटियां खोली गई. 9 काउंटिंग हॉल में पहले राउंड में वार्ड-1, 7, 13, 19, 25, 31, 37, 42 और 48 के साथ-साथ प्रथम दो वार्डों के बूथों पर पड़े मतों की काउंटिंग हुई. दूसरे राउंड में वार्ड 2, 8, 9, 14, 20, 26, 27 और 32 की मतगणना की गई. इसी चरण में वार्ड 39, 43, 44 और 49 के परिणाम भी घोषित किए गए. रांची के सभी53 वार्डों का रिजल्ट आने के बाद मेयर को मिले मतों की घोषणा की जाएगी.





