BIHAR NEWS : डायरेक्ट सेलिंग पर क्यों बढ़ेगा उपभोक्ताओं का भरोसा ? जानिए क्या बोले सचिव

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : डायरेक्ट सेलिंग या उपभोक्ताओं से सीधे व्यवसाय के मॉडलों और इसके उपभोक्ताओं को सशक्त बनाने के लिए गुरुवार को होटल ताज सिटी सेंटर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. फेडरेशन ऑफ इंडियन डायरेक्ट सेलिंग इंडस्ट्री या फिडसी और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इसमें डायरेक्ट सेलिंग की नीति,नियम और विकास पर चर्चा की गई.

डायरेक्ट सेलिंग समाज में धन के समान वितरण को बढ़ावा देता है: सचिव

कार्यक्रम में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने कहा कि डायरेक्ट सेलिंग समाज में धन के समान वितरण को बढ़ावा देता है. इसके जरिए धन सिर्फ शहरों तक एकत्र नहीं होकर ग्रामीण इलाकों तक भी पहुंचेगा. इस क्षेत्र में भरोसे की कमी रही है,इसको देखते हुए ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिससे उपभोक्ताओं के हितों को संरक्षित किया जा सके. भारत सरकार की इसको लेकर जो गाइडलाइन है,जो नियम बनाए गए हैं,उसे लागू करने और मॉनिटरिंग की बेहतर व्यवस्था होने से इस पर लोगों का भरोसा बढ़ेगा.

उन्होंने कहा कि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग इस क्षेत्र में राज्य के उपभोक्ताओं के हितों को संरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा. डायरेक्ट सेलिंग के क्षेत्र में जो सही कंपनियां हैं,उनकी जानकारी उपभोक्ताओं को देने के लिए काम किया जाएगा. डायरेक्ट सेलिंग की जो कंपनियां हैं,वे ऐसी व्यवस्था बनाएं जिसके तहत उपभोक्ताओं की शिकायतों का निपटारा किया जा सके. इससे इस क्षेत्र की कंपनियों पर उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ेगा. सरकारी नियमों और गाइडलाइन का पालन करने से इस क्षेत्र का विकास होगा.

राज्य में 200 से 300 करोड़ तक पहुंचा डायरेक्ट सेलिंग इंडस्ट्री

कार्यक्रम में फेडरेशन ऑफ इंडियन डायरेक्ट सेलिंग इंडस्ट्री के प्रेसिडेंट अभिलाष थॉमस ने कहा कि डायरेक्ट सेलिंग युवाओं,महिलाओं और उद्यमियों के लिए उद्योग जगत में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर देता है. इससे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार दिया जा सकता है. वहीं फिडसी के महासचिव राहुल सूडान ने कहा कि आज डायरेक्ट सेलिंग इंडस्ट्री तेजी से विकास कर रही है. इस क्षेत्र में बिहार में अब 200 से 300 करोड़ का व्यापार हो रहा है. ऐसे में जरूरत है कि सरकार की तरफ से ऐसी नीतियां बने जिससे इंडस्ट्री का विकास हो और उपभोक्ताओं के हितों को संरक्षित किया जाए.

इस अवसर पर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव मो. नैयर इकबाल,उपभोक्ता संरक्षण निदेशालय के निदेशक विभूति रंजन चौधरी समेत डायरेक्ट सेलिंग इंडस्ट्री से जुड़े कई अन्य मौजूद थे.