JHARKHAND NEWS : जेल में कैदी की मौत पर परिजनों ने सड़क पर काटा बवाल, दो घंटे तक थमी रही रफ्तार.
चतरा मंडल कारा में बंद टीएसपीसी उग्रवादी मंटू गंझू उर्फ दिलेश की मौत का मामला अब सड़क तक पहुंच गया है। जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए आक्रोशित लोगों ने पोस्ट ऑफिस चौक के समीप सड़क जाम कर जोरदार विरोध जताया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। जाम की वजह से आम लोगों के साथ-साथ आर्मी जवानों की करीब 40 गाड़ियां भी घंटों फंसी रहीं। सड़क पर वाहनों की कतार बढ़ती चली गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति बिगड़ती देख प्रभारी बीडीओ मनोज गोप, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव और हंटरगंज इंस्पेक्टर बिपिन कुमार मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक चली कड़ी मशक्कत के बाद प्रशासन जाम हटाने में सफल हुआ। जाम हटाने के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 15 लोगों को डिटेन कर थाना ले गई। प्रदर्शनकारियों ने मंटू गंझू की मौत की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। साथ ही काराधीक्षक, कक्षपाल एवं अन्य जेलकर्मियों को तत्काल बर्खास्त करने की मांग भी उठाई। मंटू गंझू उर्फ दिलेश करीब दो वर्षों से आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में जेल में बंद था। उसकी मौत के बाद परिजनों ने भी जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।





