नवादा में महिला ने उठाया खौफनाक कदम : दो बच्चों के साथ की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस
नवादा : बड़ी खबर नवादा से है जहां शहर के बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के दर्जी टोला मोहल्ले में रविवार देर रात महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया.
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक महिला की पहचान नीता खातून के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि नीता घर में अपने दो बच्चों के साथ रहती थी. रविवार रात काफी देर तक घर से कोई आवाज नहीं आने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ. दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर तीनों के शव फंदे से लटके मिले.
घटना की सूचना मिलते ही बुंदेलखंड थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
परिजनों और स्थानीय लोगों ने बताया कि नीता खातून के पति रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब में रहकर काम करते हैं. घटना के समय वह घर पर नहीं थे. आत्महत्या के पीछे का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है. घरेलू तनाव,आर्थिक परेशानी या अन्य कोई वजह थी,इसको लेकर पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है.
बुंदेलखंड थाना प्रभारी धनवीर कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले में यूडी केस दर्ज कर लिया गया है. शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा. पुलिस ने घर से मिले साक्ष्यों को जब्त कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
उन्होंने कहा, "प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है,लेकिन मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा. पति से भी संपर्क कर बयान लिया जाएगा."
इस घटना के बाद दर्जी टोला और आसपास के इलाके में शोक की लहर है. पड़ोसी बताते हैं कि नीता मिलनसार स्वभाव की थी और अक्सर बच्चों के साथ ही घर में रहती थी. अचानक हुए इस कदम से सभी स्तब्ध हैं. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और हर एंगल से जांच की जा रही है.
नवादा से दिनेश कुमार की रिपोर्ट





