JHARKHAND NEWS : बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जागरूकता रथ रवाना, किसानों को योजना से जुड़ने की अपील
रांची:खरीफ फसलों को प्राकृतिक आपदा, कीट प्रकोप एवं प्रतिकूल मौसम से होने वाले नुकसान से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत जागरूकता रथ को पशुपालन भवन परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. रथ को निबंधक, सहकारी समिति, रोबिन टोप्पो, संयुक्त निबंधक, जे.पी शर्मा, PMFBY के नोडल पदाधिकारी, सुजीत कुमार सिंह, जिला सहकारिता पदाधिकारी, रांची एवं सहायक निबंधक द्वारा संयुक्त रूप से रवाना किया गया. यह जागरूकता रथ राज्य के विभिन्न गांवों में भ्रमण कर किसानों को योजना के लाभ एवं नामांकन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करेगा.

31अगस्त तक कराएं फसल बीमा, केवल₹1में नामांकन
निबंधक, रोबिन टोप्पो ने बताया कि खरीफ मौसम में मुख्य रूप से धान एवं मक्का की फसलों का बीमा योजना के तहत कराया जा सकता है. किसानों से अपील की गई कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए जल्द से जल्द अपनी अधिसूचित फसल का बीमा कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदा अथवा फसल क्षति की स्थिति में योजना का लाभ प्राप्त किया जा सके.
उन्होंने बताया कि योजना के तहत किसानों के नामांकन के लिए मात्र₹1का टोकन शुल्क निर्धारित है. खरीफ2026के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि31अगस्त2026है. योजना किसानों को फसल नुकसान से उत्पन्न वित्तीय जोखिम से सुरक्षा प्रदान करते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.
टोल-फ्री14447एवंWhatsApp नंबर7065514447पर मिलेगी सहायता
किसानों की सुविधा के लिए योजना से संबंधित जानकारी एवं समस्याओं के समाधान हेतु टोल-फ्री नंबर14447तथाWhatsApp नंबर7065514447जारी किया गया है. किसान इन माध्यमों से योजना, नामांकन एवं अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए प्राकृतिक आपदाओं, सूखा, अतिवृष्टि, कीट प्रकोप एवं प्रतिकूल मौसम के कारण होने वाले फसल नुकसान के विरुद्ध आर्थिक सुरक्षा कवच प्रदान करती है. योजना के तहत पात्र किसानों को फसल क्षति की स्थिति में नियमानुसार क्षतिपूर्ति का लाभ सीधे उनके बैंक खाते में उपलब्ध कराया जाता है.





