JHARKHAND NEWS : संथाल परगना को बड़ी राहत: एम्स देवघर में ऑडियोलोजी और स्पीच लेबोरेट्री का शुभारंभ
एम्स देवघर ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में एक और नया और बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया है। संस्थान के नाक, कान और गला यानी ENT विभाग में अत्याधुनिक 'ऑडियोलॉजी एंड स्पीच लेबोरेट्री' की शुरुआत हो चुकी है। इसके साथ ही एफ-ब्लॉक में नए फैकल्टी और ऑफिस केबिन का भी विधिवत उद्घाटन किया गया। इस नई प्रयोगशाला और कक्षों का शुभ उद्घाटन एम्स देवघर के कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) नितिन एम. गंगने, डीन (एकेडमिक्स) डॉ. हरमिंदर सिंह और उप निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल अभिक दास के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस खास मौके पर संस्थान के फैकल्टी मेंबर्स, रेजिडेंट डॉक्टर्स और कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने इस कदम को देवघर एम्स की चिकित्सा, शिक्षा और शोध क्षमता में एक मील का पत्थर बताया। अब सवाल यह है कि मरीजों को इससे क्या फायदा मिलेगा?
दरअसल, अब सुनने, बोलने और संचार (Communication) संबंधी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को एक ही छत के नीचे विश्वस्तरीय जांच और इलाज मिलेगा।
इस लेबोरेट्री में कई आधुनिक जांचें उपलब्ध होंगी।यही नहीं, मरीजों के लिए स्पीच एंड लैंग्वेज थेरेपी और टिनिटस (कान में घंटी बजने की समस्या) के लिए टिनिटस रिट्रेनिंग थेरेपी जैसी पुनर्वास सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।एम्स के ENT विभाग का मानना है कि इस सुविधा से बीमारियों की समय रहते सटीक पहचान हो सकेगी, जिससे सही इलाज तुरंत शुरू किया जा सकेगा।इसके अलावा, यह लेबोरेट्री मेडिकल स्टूडेंट्स और रेजिडेंट डॉक्टरों के PG ट्रेनिंग और रिसर्च (शोध) को भी एक नया आयाम देगी।





