JHARKHAND NEWS : सरैयाहाट अंचल कार्यालय में ACB का छापा: घूसखोर प्रधान लिपिक 5 हजार लेते दबोचा गया
भ्रष्टाचार के खिलाफ दुमका ACB यानी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आज एक और बड़ी कार्रवाई की है। सरैयाहाट प्रखंड सह अंचल कार्यालय में छापेमारी कर, एक सरकारी बाबू को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए दबोचा गया है।मामला सरैयाहाट अंचल कार्यालय का है, जहां गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एसीबी की टीम ने अचानक दबिश दी। टीम ने यहां तैनात प्रधान लिपिक (Head Clerk) आनंद भारद्वाज को ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी की टीम आरोपी क्लर्क को गाड़ी में बिठाकर दुमका स्थित अपने क्षेत्रीय कार्यालय ले आई, जहां उससे बंद कमरे में कड़ी पूछताछ की जा रही है।आखिर क्यों मांगी जा रही थी यह रिश्वत? जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला एक जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। जमीन विवाद के एक मामले में रिपोर्ट लगाने और फाइल को आगे बढ़ाने के एवज में प्रधान लिपिक आनंद भारद्वाज ने ₹25,000 की मोटी रकम की मांग की थी।
पीड़ित इस घूसखोरी के खिलाफ था, इसलिए उसने चुप बैठने के बजाय सीधे दुमका एसीबी से इसकी लिखित शिकायत कर दी। एसीबी ने जब मामले का अपने स्तर से गुप्त सत्यापन कराया, तो शिकायत बिल्कुल सही पाई गई। इसके बाद जाल बिछाया गया और जैसे ही पहली किस्त यानी अग्रिम राशि के रूप में ₹5,000 आनंद भारद्वाज के हाथ में थमाए गए, घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों धर दबोचा।फिलहाल, आरोपी बाबू की सारी हेकड़ी गायब हो चुकी है। दुमका दफ्तर में एसीबी के आला अधिकारी आनंद भारद्वाज से लगातार पूछताछ कर रहे हैं कि क्या इस खेल में अंचल कार्यालय के कुछ और बड़े अधिकारी भी शामिल हैं? एसीबी सूत्रों के मुताबिक, कागजी प्रक्रिया और पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी प्रधान लिपिक को मेडिकल जांच के बाद सीधे दुमका जेल न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा।





