BIG BREAKING : पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता के लॉकर से 64 लाख के आभूषण बरामद, निगरानी की बड़ी कार्रवाई
पटना: भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो,बिहार की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा के लॉकर की तलाशी ली.
निगरानी थाना कांड संख्या-084/26,दिनांक 16 जुलाई 2026 के तहत अधीक्षण अभियंता के खिलाफ प्रत्यानुपातिक धनार्जन का मामला दर्ज किया गया था. आरोप है कि उनके पास ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक करीब 1 करोड़ 41 लाख 90 हजार रुपये की संपत्ति अर्जित की गई.
मामले की जांच के दौरान पटना स्थित केनरा बैंक,राजा बाजार शाखा में अभियुक्त के नाम से संचालित लॉकर संख्या-636 का पता चला. न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद वरीय पुलिस उपाधीक्षक गौतम शरण ओमी के नेतृत्व में गठित टीम ने 24 जुलाई 2026 को लॉकर की तलाशी ली.
तलाशी के दौरान निगरानी टीम को बड़ी मात्रा में कीमती आभूषण बरामद हुए. इसमें 561.32 ग्राम सोना शामिल है,जिसकी अनुमानित कीमत 63 लाख 27 हजार 151 रुपये बताई गई है. इसके अलावा 835.01 ग्राम चांदी भी बरामद की गई,जिसकी कीमत करीब 1 लाख 52 हजार 559 रुपये आंकी गई है.
बरामद आभूषणों की कुल कीमत 64 लाख 79 हजार 710 रुपये बताई गई है. निगरानी ब्यूरो ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है. अधिकारियों के अनुसार,संपत्ति और अन्य वित्तीय लेन-देन से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





