Hindi News / वासेपुर में अवैध वसूली का खेल खत्म: आधार सेंटर सील, SIR फॉर्म के...

JHARKHAND NEWS : वासेपुर में अवैध वसूली का खेल खत्म: आधार सेंटर सील, SIR फॉर्म के नाम पर हो रही थी लूट

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

झारखंड के धनबाद से इस वक्त की एक बहुत बड़ी और सनसनीखेज खबर आ रही है। वासेपुर में प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आधार सेंटर को सील कर दिया है। मामला चुनाव आयोग के विशेष अभियान से जुड़ा हुआ है, जहाँ अवैध तरीके से पैसों की उगाही की जा रही थी।दरअसल, इस समय पूरे झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान के तहत जोर-शोर से काम चल रहा है। इसी बीच धनबाद प्रशासन को गुप्त सूचना मिली कि वासेपुर स्थित एक आधार सेंटर पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।वहाँ आने वाले आम लोगों से 50 से 100 रुपये लेकर अनधिकृत तरीके से SIR का एन्यूमरेशन फॉर्म भरा जा रहा था। शिकायत मिलते ही धनबाद के एसडीएम लोकेश बारंगे ने गुरुवार को दल-बल के साथ अचानक छापेमारी की और सेंटर को रंगे हाथों पकड़कर तुरंत सील कर दिया। हालांकि, सेंटर का संचालक अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।चुनाव आयोग के निर्देश पर राज्य में SIR की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से चल रही है।

किसी भी प्राइवेट सेंटर या आधार केंद्र को इसके लिए पैसे वसूलने का कोई अधिकार नहीं है। प्रशासन की नजर ऐसे तमाम सेंटरों पर है जो चुनावी प्रक्रिया के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। मतदाता अपना एन्यूमरेशन फॉर्म स्वयं भरें और किसी झांसे में न आएं।प्रशासन ने जनता से अपील की है कि अगर आपको फॉर्म भरने में कोई भी परेशानी हो रही है, तो किसी साइबर कैफे या बिचौलिए के पास जाने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। आप सीधे अपने क्षेत्र के बीएलओ (BLO), सुपरवाइजर या प्रशासन द्वारा अधिकृत वॉलंटियर से संपर्क करें।बिचौलियों से फॉर्म भरवाने पर आपकी गलत जानकारी दर्ज होने का खतरा तो है ही, साथ ही यह कानूनी रूप से भी गलत है। एसडीएम ने सख्त चेतावनी दी है कि गलत सूचना देकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या कटवाने की कोशिश करने वालों पर जनप्रतिनिधित्व अधिनियम (RP Act) के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।