Hindi News / बिहार में सरकारी स्कूलों की निगरानी का नया मॉडल होगा लागू, हर महीने...

BIHAR NEWS : बिहार में सरकारी स्कूलों की निगरानी का नया मॉडल होगा लागू, हर महीने गांव पहुंचेंगे शिक्षा अधिकारी

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना: बिहार के सरकारी स्कूलों की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने निगरानी का नया मॉडल लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है. नई व्यवस्था के तहत अब हर महीने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) एक तय तिथि पर गांवों में पहुंचकर सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों से सीधे संवाद करेंगे. इस पहल का उद्देश्य स्कूलों की वास्तविक स्थिति जानना और अभिभावकों से सीधे फीडबैक लेकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार करना है.

शिक्षा विभाग के अनुसार अधिकारी पूरे दिन गांव में रहेंगे और उन अभिभावकों से मुलाकात करेंगे जिनके बच्चे सरकारी विद्यालयों में पढ़ते हैं. इस दौरान विद्यालयों में पठन-पाठन की स्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, छात्रों की नियमित पढ़ाई, स्कूल की आधारभूत सुविधाओं और अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. अभिभावकों से मिले सुझाव और शिकायतों के आधार पर जिला स्तर पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी.

रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जाएंगे. इसके बाद शिक्षा विभाग यह भी सुनिश्चित करेगा कि जिन कमियों की पहचान की गई है, उनमें सुधार हुआ या नहीं. इसके लिए अधिकारियों द्वारा दोबारा अभिभावकों से संपर्क कर फीडबैक लिया जाएगा.

शिक्षा विभाग मुख्यालय को भी हर महीने यह जानकारी भेजी जाएगी कि कितने गांवों का दौरा किया गया, कितने अभिभावकों से बातचीत हुई, संबंधित विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की संख्या क्या है तथा विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति कैसी है.

बताया गया है कि यह नई व्यवस्था सहयोग शिविरों में मिली शिकायतों के आधार पर तैयार की गई है. इन शिविरों में शिक्षकों की कमी, समय पर विद्यालय नहीं पहुंचने, कमजोर शैक्षणिक व्यवस्था और कई स्कूल भवनों की खराब स्थिति जैसी शिकायतें सामने आई थीं. अब विभाग का लक्ष्य अभिभावकों की सीधी भागीदारी से सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता में सुधार लाना है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--