कोडरमा:खराब मौसम के कारण कोडरमा के नावाडीह बाजार में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की होने वाली सभा रद्द हो गई.बाबूलाल मरांडी बोकारो से हेलीकॉप्टर से कोडरमा पहुंचने वाले थे,लेकिन खराब मौसम के कारण बोकारो से उनका हेलीकाप्टर उड़ान नहीं भर पाया और कार्यक्रम रद्द करने की घोषणा की गई.हालांकि इस दौरान खराब मौसम के बीच भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी और विधायक डॉक्टर मीरा यादव के अलावा भाजपा नेता और कार्यकर्ता सभा स्थल पर जुटे रहे.
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने खराब मौसम के बावजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए 20 मई को होने वाले मतदान में लोगों से वोट करने की अपील की. अपने संबोधन के दौरान उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाया और कहा कि पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल में समाज के हर तबके के लोगों के लिए मोदी सरकार ने योजनाएं चलाई और जरूरतमंदों तक उसे पहुंचाया भी है.
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि उन्हें लोगों का अपार समर्थन मिल रहा है और हर सभा में लोग उनके पक्ष में अपना समर्थन जताते हुए नजर आ रहे हैं और फिर तीसरी बार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे. वही विधायक डॉक्टर नीरा यादव ने राज्य के मंत्री के ओएसडी और उनके सहयोगियों के घर से मिले करोड़ों रुपए नगदी के संबंध में प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि कोडरमा में जहां पत्थर,माइका और ढिबरा का ढेर है,वहीं राज्य सरकार के मंत्री और उनके सहयोगियों के घर से नोटों का ढेर बरामद हो रहा है. गरीबों के लिए योजना बनाने के बजाय सरकार में शामिल नेता और मंत्री अपने घरों में नोटों का ढेर लगाकर बैठे हैं.
