JHARKHAND NEWS : रिम्स में अब मात्र 475 रुपये में होगी आर्थराइटिस की जांच, निजी लैब में खर्च होते हैं 4,500 रुपये
राजधानी रांची के रिम्स (RIMS) में मरीजों के लिए एक बहुत बड़ी सुविधा शुरू हुई है। रिम्स के लैब मेडिसिन विभाग में 'एचएलए-बी27' (HLA-B27) की जांच अब बेहद कम खर्च पर शुरू कर दी गई है।विभाग में इस आधुनिक जांच के लिए आरटीपीसीआर (RTPCR) मशीन स्थापित की गई है।इसमें प्रक्रिया के तहत मरीज का ब्लड सैंपल लिया जाता है। सबसे पहले खून से डीएनए को अलग किया जाता है, जिसके बाद जांच की प्रक्रिया शुरू होती है।इस पूरी जांच में मात्र डेढ़ घंटे का समय लगता है, जिसके बाद रिपोर्ट तैयार कर दी जाती है।
विशेषता: लैब इंचार्ज जावेद ने बताया कि यह जांच साइटोमेट्री या पीसीआर तकनीक से होती है, जिससे ऑटोइम्यून रोगों, रीढ़, जोड़ों और आंखों की सूजन व पुराने दर्द का सटीक पता चलता है।विशेषज्ञों का कहना है कि बदलती जीवनशैली के कारण अर्थराइटिस और जोड़ों के दर्द के मरीज अचानक बढ़े हैं, ऐसे में यह जांच इलाज में बेहद मददगार साबित हो रही है। रिम्स का दावा है कि बिहार और झारखंड के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में केवल रिम्स ही यह सुविधा उपलब्ध कराने वाला एकमात्र संस्थान है। रिम्स में इस जांच के लिए सबसे अधिक सैंपल न्यूरो सर्जरी, न्यूरोलॉजी और मेडिसिन विभाग से आ रहे हैं।





