गर्भवती की हत्या पर भड़का BJP : घटना में कोयला माफियाओं और कांग्रेस विधायक की मिलीभगत-अमर बाउरी
रांची: भारतीय जनता पार्टी ने बोकारो के बेरमो में दलित गर्भवती महिला की हत्या मामले को लेकर सरकार पर हमला बोला है. पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया. अमर बाउरी ने दलित महिला की हत्या में कोयला माफियाओं और एक कांग्रेस विधायक की मिलीभगत से घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है.
मुख्य आरोपी कीगिरफ्तार नहीं होने पर बीजेपी आंदोलन को बाध्य
उन्होंने कहा कि घटना को लेकर जब पार्टी की ओर से आज बोकारो बंद की गई तो प्रशासन ने दबाव में आकर मामले में छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. अमर बाउरी ने कहा कि यदि प्रशासन मुख्य आरोपी को जल्द गिरफ्तार नहीं करती है तो उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.
सरकार के संरक्षण में हो रहे अपराध-अमर बाउरी
सरकार पर आरोप लगाया है कि झारखंड में और खास तौर पर बोकारो में अपराधियों का बोलबाला है और सरकार के संरक्षण में अपराध हो रहे हैं. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार को इस पर लगाम लगाना चाहिए नहीं तो बीजेपी का आंदोलन जारी रहेगा और आने वाले समय में सरकार को इसका जवाब देना होगा.
पीड़ित परिवार को 25 लाख आर्थिक सहायता देने की मांग
अपराधियों द्वारा पीट-पीट कर हत्या किए जाने की घटना पर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार और प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया है. उन्होंने ने इस घटना के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है. जबकि, पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपए आर्थिक सहायता के रूप में देने की मांग रखी है. इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों और रात के समय में नियम कानून को ताक पर रखकर महिला का पोस्टमार्टम करने वाले मेडिकल स्टाफ पर भी कार्रवाई होनी चाहिए.
'घटना को अंजाम देने वालों को कांग्रेस पार्टी का मिला संरक्षण'
अमर कुमार बाउरी ने कहा कि भुइयां समाज के साथ मारपीट की घटना को अंजाम देने वालों को कांग्रेस पार्टी का संरक्षण मिला है, जिसकी जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है. अमर बाउरी ने राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार की मॉडल पर वर्तमान राज्य सरकार काम कर रही है.अमर बाउरी ने बताया कि पार्टी के प्रतिनिधिमंडल सोमवार को पीड़ित परिवार से मिलने के लिए फुसरो जाएगा.





